आधुनिक हिन्दी कविता में छायावाद अपनी काव्यात्मक समृद्धि, आंतरिक ऊर्जा और दार्शनिक गम्भीरता के लिए उल्लेखनीय है। स्वाधीनता की चेतना, आत्मवादी दृष्टि, सौन्दर्य चित्रण और विद्रोह भाव के लिए इसे सदा रेखांकित किया जाएगा। महादेवी वर्मा आधुनिक युग की प्रमुख कवियित्री के रूप में अधिक ख्यात हैं। परन्तु जब साहित्य-अध्येता उनके गद्य-साहित्य से थोड़ा भी परिचय प्राप्त करता है तो यह स्पष्ट हो जाता है कि कवियित्री का गद्यकार रूप कम महत्वपूर्ण नहीं है। उनका जन्म फाल्गुन पूर्णिमा (वसन्तोसव) के दिन 1907 ई. उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में हुआ था। महादेवी वर्मा छायावाद की एक महत्वपूर्ण कवियित्री हैं। छायावादी काव्य में अपनी अनुभूति की सूक्ष्मता, चिन्तन की गम्भीरता, करुणा, प्रेम, रहस्य और गीतात्मक चेतना के कारण महादेवी एक विशिष्ट व्यक्तित्व प्राप्त करती हैं। प्रत्येक रचनाकार अपने भीतर एक गहरी संवेदना का अनुभव करता है और अपनी अनुभूति को अभिव्यक्त करने के लिए वह छ्टपटाता रहता है। अपनी अनुभूति को अभिव्यक्त करने के लिए उसे साहित्य के विविधांगों का प्रयोग करना पड़ता है, कयोंकि जितना बड़ा विषय होगा उतनी बड़ी रचना होगी। विषय के अनुसार ही कविता, कहानी, उपन्यास, नाटक, निबन्ध आदि विधाओं का सृजन होता है। महादेवी का गद्य उनकी कविता से कम महत्वपूर्ण नहीं है। बल्कि प्रासंगिकता की दृष्टि से तो उनका गद्य अधिक अर्थवान है। यह ज़रूर है कि उनका गद्य भी उनके संवेदनशील कवि - हृदय से ही सम्भव हुआ है पर उल्लेखनीय है कि उनके गद्य की पूर्णतः मौलिक एवं स्वतंत्र सत्ता है।
‘मेरा परिवार’ (1971 ई.) सस्मरणों के चौथे संग्रह का नाम है। इसमें महादेवी जी ने अपने परिवार के अभिन्न अंग बने कुछ पशु – पक्षियों के रेखाचित्र उभारे हैं। जिसमें नीलकंठ (मोर), गिल्लू (गिलहरी), सोना (हिरणी), दुर्मुख (खरगोश), गौरा (गाय), नीलू ( कुत्ते) और निक्की (नेवले), रोजी (कुतिया) तथा रानी (घोड़ी) नामक सात रेखाचित्र हैं।
‘मेरा परिवार’ का सबसे पहले नीलकण्ठ (मोर) को महादेवी जी द्वारा नखासकोने से खरीदे जाने से लेकर उसके धीरे-धीरे बढ़ने और महादेवी जी के पशु – पक्षियों के परिवार में सम्मिलित होने की कहानी है। राधा नामक मोरनी के साथ इस नीलकण्ठ नामक मोर के नृत्य, वर्षा ॠतु के उल्लास, बसन्त ॠतु के उद्दीपन आदि चित्र प्रस्तुत किया गया है।
इस संग्रह का दूसरा पशु पात्र गिल्लू नामक गिलहरी के जन्म से लेकर उसके बड़ी होने और महादेवी के ऊपर सिर से पैर तक चढ़ने – उतरने तथा महादेवी जी के अनुपस्थिति में कुछ भी न खाने – पीने और अन्त में उनकी उँगली से चिपक कर करुणान्त हो जाने की घटनाएँ है।
‘मेरा परिवार’ का तीसरा पात्र सोना नामक हिरणी की वाल्यावस्था से लेकर उसके उछलने – कुदने, दूध पीने, घंटी बजने पर प्रार्थना के मैदान पहुँचने और स्नेहवशत महादेवी जी को छलांग कर निकल जाने की घटनाओं को समाविष्ट किए हुए हैं।
संग्रह का चौथा मानवेतर पात्र ‘दुर्मुख’ खरगोश के महादेवी के पशु – पक्षी परिवार में सम्मिलित होने पर अकारण क्रोधी स्वभाव के कारण महादेवी द्वारा दुर्वासा नाम रखने, उसके प्रियदर्शन व्यक्तित्व, मिट्टी खोदकर सुरंग बनाने, कबूतर मोर आदि पर झपटने का उल्लेख है। बाद में महादेवी द्वारा ‘हिमानी’ नामक खरगोश – वधू को उसके साथ रहने की व्यवस्था करने और इस क्रोधी दुर्मुख द्वारा हिमानी के बच्चों को घायल करने और अंत में एक साँप के बच्चे द्वारा काटे जाने पर मारे जाने की घटनाएँ हैं।
संग्रह का पाँचवाँ प्राणी पात्र ‘गौरा’ गाय के बहिरंग व्यक्तित्व से प्रारम्भ करके उसके महादेवी जी के यहाँ पहुँचने पर स्वागत करने से लेकर उसके प्रियदर्शन स्वरूप, मन्थर गति के सौन्दर्य, महादेवी के पशु – पक्षी परिवार में एकदम हिल – मिल जाने के स्वभाव, मानवीय स्नेह के समान आकुलता, लालमणी नामक एक बछड़े को जन्म देने और दो – तीन मास के उपरान्त उसके निरन्तर दुबले होते चले जाने (किसी दुष्ट द्वारा सुई खिला देने के कारण) तथा गौरा के करुणान्त हो जाने की घटनाएँ हैं।
छठवाँ पात्र ‘नीलू’ कुत्ते की कथा से जुड़ी है। भूटिये बाप और अल्सेशियन माँ के कारण वर्णसंकर नीलू के धूपछाँही रंग तथा बल और स्वभाव में भी वैशिष्ट्य होने के कारण अलभ्यदर्पयुक्त व्यक्तित्व की प्रशंसा है।
‘मेरा परिवार’ का अंतिम तथा सातवें संस्मरण में निक्की (नेवले), रोजी (कुतिया) और रानी (घोड़ी) की कहानी में उस अद्भुत मैत्री का परिचय दिया गया है, जो इन पशुओं में परस्पर विद्यमान थी। यह संस्मरण उस समय की कहानी कहता है, जब महादेवी जी बालिका थीं और उनके पिताजी के परिवार में ये तीनों पशु रहा करते थे।
प्रस्तुत पुस्तक के सम्बन्ध में इलाचन्द्र जोशी जी का कथन उल्लेखनीय हैं, “ वास्तविकता तो यह है कि महादेवी ने कुछ विशिष्ठ मानवेतर प्राणियों के प्रति अपनी जिस सहज, सौहार्द्र और एकांत आत्मीयता की अभिव्यंजना का जो अपूर्व कला – कौशल अपने इन चित्रों में व्यक्त किया है, वह केवल उनकी अपनी ही कला की विशिष्टता की दृष्टि से नहीं वरन् संसार – साहित्य की इस कोटि की कला के समग्र क्षेत्र में भी बेमिसाल और बेजोड़ हैं। ये कृतियाँ मानवीय भावज्ञता, संवेदना और कलात्मक प्रतिभा के अपूर्व निदर्शन की दृष्टि से शाब्दिक अर्थ में अपूर्व और अदभुत कलात्मक चमत्कार के नमूने है। ‘करौ काह मुख एक प्रशंसा?’ एक मुख से उनकी कला की प्रशंसा कैसे करुँ! कयोंकि ये शब्द चित्रण अनेक दृष्टिकोणों से प्रशंसा की अतिशयोक्ति की सीमा को भी पार कर जाते हैं।”
‘महादेवी की गद्य कृतियाँ’ नामक लेख में रामचन्द्र तिवारी जी प्रस्तुत पुस्तक के विषयवस्तु की चर्चा करते हुए लिखते हैं, “मेरा परिवार’ में स्मृति सन्दर्भों के सहारे जिनकी कथा अंकित की गई है वे हैं - नीलकंठ (मोर), गिल्लू (गिलहरी), सोना (हिरणी), दुर्मुख (खरगोश), गौरा (गाय), नीलू ( कुत्ते) और निक्की (नेवले), रोजी (कुतिया) तथा रानी (घोड़ी)। इस सभी प्राणीयों की जीवन कथा भी मर्मस्पर्शिनी करुण कथा ही है। महादेवी की सहानुभूति और करुण मानव जगत तक ही सीमित न रहकर पशु पक्षियों तक प्रसारित है। उन्होंने पशु - पक्षियों को भी माँ की ममता दी है। उन्हें पाला है। बड़ा किया है। बीमारी में दवा की है। उनके हर्ष में पुलकित हुईं हैं और दु:ख में व्यथित। उनके वियोग में उदास हुईं हैं और संयोग में उल्लसित। ये पशु-पक्षी उनके जीवन सहचर ही नहीं उनके परिवार के अंग बन गये हैं। ‘मेरा परिवार’ हिन्दी साहित्य में ऐसी अकेली कृति है जिसमें मानवीय करुणा की स्निग्धता और शीतलता ने पशुओं को भी व्यक्तित्व प्रदान किया है।”
No comments:
Post a Comment